रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी को फोन कर अलास्का में हुई अपनी ट्रंप से मुलाक़ात के बारे में बताया। पीएम मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट कर पुतिन का धन्यवाद किया और साफ किया कि भारत हमेशा यूक्रेन विवाद का शांतिपूर्ण हल चाहता है। हालांकि पुतिन और ट्रंप की इस अहम मुलाक़ात में युद्धविराम को लेकर कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।
ये बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने पर भारत पर 50% टैरिफ ठोंक दिया है। भारत ने इसे पूरी तरह अन्यायपूर्ण बताया और विरोध जताया। अब पुतिन का मोदी से संपर्क इस बात का इशारा है कि रूस इस मुद्दे पर भारत के साथ खड़ा है। लेकिन मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुईं—अमेरिकी वित्त मंत्री पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि अगर पुतिन-ट्रंप मुलाक़ात से कुछ हल नहीं निकला तो भारत को और भी ज्यादा टैरिफ झेलना पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले वक्त में भारत-अमेरिका व्यापारिक रिश्ते और तनावपूर्ण हो सकते हैं।






