क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर है। अब स्टेडियम जाकर आईपीएल मैच देखना पहले से महंगा पड़ेगा। दरअसल, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में यह फैसला लिया गया कि आईपीएल टिकट पर टैक्स बढ़ाया जाएगा। नई दरें IPL 2026 से लागू होंगी।
पहले जहां टिकट पर 28% जीएसटी लगता था, अब यह 40% हो गया है। इसका मतलब है कि अगर किसी टिकट की कीमत 1000 रुपये है तो पहले आपको 1280 रुपये चुकाने पड़ते थे, लेकिन अब 1400 रुपये देने होंगे। यानी हर टिकट पर करीब 120 रुपये ज्यादा खर्च होंगे। इसी तरह 2000 रुपये की टिकट पर अब 2800 रुपये तक देने पड़ेंगे।
क्रिकेट को भारत में त्योहार की तरह मनाया जाता है और आईपीएल के दौरान हमेशा टिकटों की जबरदस्त डिमांड रहती है। लेकिन बढ़ी हुई दरों के बाद क्या दर्शक उतने ही उत्साह से स्टेडियम पहुंचेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।
अच्छी खबर यह है कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अन्य क्रिकेट टूर्नामेंट्स पर टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। 500 रुपये तक की टिकट पर जीएसटी पूरी तरह माफ रहेगा और उससे ज्यादा की टिकट पर पहले की तरह 18% ही जीएसटी लिया जाएगा।






