ग्राम रथों को मिनी सचिवालय से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना’
13 विभागों की योजनाओं का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार, 15 दिवस तक चलेगा अभियान
झालावाड़, 28 अप्रैल। ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) को लेकर मंगलवार को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘‘ग्राम रथ अभियान’’ का शुभारम्भ मिनी सचिवालय परिसर से ग्राम रथों को हरी झण्डी दिखाकर किया गया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान भावना झाला सहित अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर सभी रथों के वाहन चालकों का माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नरेश कुमार शर्मा, उद्यान विभाग के सहायक निदेशक सुभाष चन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अभियान से संबंधित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जन-जन तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी
जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि ‘‘ग्राम रथ अभियान’’ का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त बनाना तथा उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से व्यापक रूप से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल प्रधानमंत्री के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में प्रभावी माध्यम बनेगी तथा कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में नवाचार, जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देगी।
चारों विधानसभा क्षेत्रों में होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
अभियान के तहत झालावाड़ जिले की चारों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों झालरापाटन, खानपुर, डग व मनोहरथाना की 270 ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन 4 से 5 स्थानों पर पहुंचकर ऑडियो-वीडियो माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
13 विभागों की योजनाओं का समावेश
ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक प्रचार सामग्री भी उपलब्ध करवाई गई है।
मुख्यमंत्री संदेश से मिलेगा प्रेरणा का संचार
अभियान के दौरान ग्राम रथों में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश एवं संवाद प्रसारित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों में जागरूकता एवं प्रेरणा का संचार होगा।
सुदृढ़ मॉनिटरिंग व्यवस्था
अभियान के सफल संचालन के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा संबंधित उपखंड अधिकारियों को विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिससे अभियान की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
सुझाव पेटिका से मिलेगा जन-फीडबैक
ग्राम रथों में सुझाव पेटिका की व्यवस्था भी की गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों के सुझाव एकत्रित कर राज्य सरकार तक पहुंचाए जाएंगे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में और सुधार किया जा सके। साथ ही इस दौरान ग्रामीणों को समस्याओं की सुनवाई भी की जाएगी।
कला जत्थों से बढ़ेगा जनआकर्षण
अभियान के दौरान स्थानीय कलाकारों के कला जत्थों द्वारा संध्या चौपाल के माध्यम से लोक शैली में योजनाओं एवं ‘ग्राम’ आयोजन का आकर्षक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।







