भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर ऐसा तूफान खड़ा कर दिया, जिसने देखते ही देखते एक नए डिजिटल ट्रेंड को जन्म दे दिया। सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं और फर्जी डिग्री के मुद्दे पर की गई टिप्पणी में कॉकरोच शब्द इस्तेमाल हुआ। हालांकि बाद में जस्टिस सूर्यकांत ने सफाई देते हुए कहा कि उनका निशाना मेहनती युवा नहीं, बल्कि फर्जी डिग्री के जरिए सिस्टम का गलत फायदा उठाने वाले लोग थे। उन्होंने यह भी कहा कि देश के युवाओं पर उन्हें गर्व है। लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर एक नया नाम वायरल हो चुका था कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP। जैसे ही कॉकरोच शब्द सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, इंटरनेट यूजर्स ने इसे मीम्स, रील्स और व्यंग्य में बदलना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे इसी नाम से कॉकरोच जनता पार्टी नाम का डिजिटल कैंपेन सामने आया। कुछ ही समय में इसके सोशल मीडिया अकाउंट्स तेजी से वायरल होने लगे और लाखों युवा इससे जुड़ते दिखाई दिए। इस पूरे ट्रेंड को बेरोजगारी, सिस्टम से नाराजगी और युवाओं की हताशा से जोड़कर देखा जाने लगा। यह ट्रेंड तब और बड़ा हो गया जब कई बड़े राजनीतिक नेताओं ने भी इस पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर तंज कसा। वहीं आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने के लिए इस ट्रेंड का जिक्र किया। यानी जो शुरुआत इंटरनेट मीम से हुई थी, वह अब राजनीतिक बहस का हिस्सा बन चुकी है। कॉकरोच जनता पार्टी खुद को सिस्टम से निराश युवाओं की आवाज के तौर पर पेश कर रही है। इसके पोस्ट और वीडियो में बेरोजगारी, एग्जाम सिस्टम, पेपर लीक, नौकरी की कमी और राजनीतिक वादों पर व्यंग्य देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि Gen-Z और सोशल मीडिया यूजर्स इसे तेजी से शेयर कर रहे हैं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ट्रेंड सिर्फ मजाक नहीं है। यह उस बदलते दौर की निशानी है जहां इंटरनेट कल्चर और राजनीति एक-दूसरे को प्रभावित कर रहे हैं। पहले राजनीतिक आंदोलन सड़कों पर दिखते थे, अब वे रील्स, हैशटैग और वायरल पोस्ट में नजर आने लगे हैं। फिलहाल कॉकरोच जनता पार्टी कोई आधिकारिक राजनीतिक दल नहीं है।लेकिन इसने यह जरूर दिखा दिया है कि सोशल मीडिया पर पैदा हुआ नैरेटिव कितनी तेजी से राष्ट्रीय बहस बन सकता है
सिर्फ 5 दिन में ही कॉकरोच जनता पार्टी दें बीजेपी कांग्रेस दोनों को पीछे छोड़ा जाने क्या है पार्टी की नीति और मकसद…..






