चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा थाना क्षेत्र के तमलाव गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी गांव से करीब 500 मीटर दूर एक कुएं में कूद गई। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई।घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान मोहन गुर्जर (45) के रूप में हुई है, जो पेशे से बकरियां चराने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला लाड बाई ने पति पर अचानक कुल्हाड़ी से कई वार किए। हमला इतना गंभीर था कि मौके पर ही मोहन की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय दंपती का बड़ा बेटा सुनील (17) घर से रोते-बिलखते बाहर निकला। इसके कुछ ही देर बाद लाड बाई भी घर से बाहर आई और इशारों में वारदात की बात बताने लगी। इसके बाद वह दौड़ते हुए बंजारा बस्ती की ओर गई और कुएं में छलांग लगा दी.
सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और रस्सी की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। रावतभाटा थाना पुलिस और डीएसपी शंकर लाल मीणा मौके पर पहुंचे। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मोबाइल इन्वेस्टिगेशन टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि लाड बाई की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, हालांकि इस पहलू की भी गहराई से जांच की जा रही है।
दंपती के दो बेटे हैं सुनील, जो 11वीं कक्षा का छात्र है, और अर्जुन (14), जो पिता के साथ बकरियां चराने में मदद करता था।डीएसपी शंकर लाल मीणा ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। हत्या के कारणों और घटनाक्रम को लेकर सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवा दिया है।






