Hayrana: आंखें निकालकर हाथ काट दूंगा, जानिए किसको दी बीजेपी सांसद ने धमकी…..

हरियाणा के रोहतक में भाजपा नेताओं को बंधक बनाए जाने के मामले में विवाद गहरा गया है। शनिवार को इस घटना के विरोध में भाजपा के नेताओं ने प्रदर्शन किया और इस दौरान पार्टी के स्थानीय सांसद अरविंद शर्मा ने विवादित बयान दे दिया। उन्होंने पार्टी नेताओं को बंधक बनाए जाने के पीछे कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा का हाथ बताया। अरविंद शर्मा ने कहा, ‘हुड्डा और कांग्रेस यह जान लें कि मनीष ग्रोवर की तरफ जो आंख दिखाएगा, उसकी आंख निकाल लेंगे। कोई हाथ दिखाएगा तो उसे काट लेंगे।’ दरअसल शुक्रवार को भाजपा के नेता रोहतक के किलोई में स्थित एक शिव मंदिर में पहुंचे थे, जिन्हें किसानों ने बंधक बना लिया था। इन नेताओं में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष ग्रोवर भी शामिल थे, जिन्हें हाथ जोड़कर माफी मांगने के बाद ही किसानों ने जाने दिया था।

अरविंद शर्मा ने इस दौरान भाजपा के हरियाणा में अगले 25 सालों तक सत्ता में रहने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि यह कुछ और नहीं है बल्कि राज करने के लिए हु़ड्डा परिवार की छटपटाहट है, लेकिन उन्हें यह जान लेना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी अगले 25 सालों तक सत्ता में रहेगी। पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा रोहतक के ही रहने वाले हैं और 2019 में यहां से अरविंद कुमार शर्मा सांसद चुने गए थे। शुक्रवार को किलोई में किसानों ने भाजपा नेताओं को सुबह नौ से शाम चार बजे तक शिव मंदिर में बघंक बनाकर रखा। इस दौरान स्थित तनावपूर्ण बन गई थी। मामले को सुलझाने के लिए चार जिलों से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बुलाए गए थे और करीब 800 पुलिस कर्मी पूरे दिन मौजूद रहे।

Share
Now