ग्रेटर नोएडा के सिरसा चौराहे के पास पत्नी निक्की को आग के हवाले करने वाले आरोपी विपिन भाटी का पुलिस ने एनकाउंटर किया। भागने की कोशिश करते वक्त पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के दौरान विपिन ने उनकी पिस्तौल छीनकर फरार होने की कोशिश की थी। उसी दौरान जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है।

आरोप बेहद गंभीर हैं। बताया जा रहा है कि विपिन और उसका परिवार लंबे समय से निक्की से दहेज की मांग कर रहे थे। कई बार उस पर मारपीट भी की गई। गुरुवार रात यह विवाद इतना बढ़ा कि विपिन ने निक्की को खींचकर गिराया, फिर उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। यह सब कुछ उसके अपने बेटे और बहन की आंखों के सामने हुआ।
वहीं, पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद भी विपिन अपनी बेगुनाही की दुहाई देता रहा। उसका कहना है कि निक्की खुद ही जली है और पति-पत्नी में झगड़े तो आम बात होती है। लेकिन जब रिश्तेदारों से बात की गई तो उन्होंने भी हैरान करने वाली प्रतिक्रिया दी। उनका कहना था – “विपिन के साथ जो हुआ, वह सही हुआ। गोली पैर में नहीं, सीने में मारनी चाहिए थी।”






