बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली वाले घर पर हुई फायरिंग के बाद अब मामला और गर्म हो गया है। एनकाउंटर में दो शूटरों के मारे जाने के बाद रोहित गोदारा नाम की फेसबुक आईडी से धमकी भरा पोस्ट डाला गया। पोस्ट में लिखा गया कि “ये एनकाउंटर सनातन की हार है, इसकी माफी नहीं।”
पुलिस की कड़ी चेतावनी
उत्तर प्रदेश के एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने साफ कहा, “सरकार की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी पर कोई समझौता नहीं होगा। अगर किसी ने फिर हिमाकत की, तो पुलिस और सख्त कदम उठाएगी।” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ऐसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
एनकाउंटर की पूरी कहानी
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी में बुधवार शाम एनकाउंटर में रविंद्र और अरुण ढेर कर दिए गए। दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए। मौके से विदेशी पिस्टल और कई कारतूस बरामद हुए। पुलिस उनके फरार साथियों नकुल और विजय को तलाश रही है।
फायरिंग की साजिश कैसे रची गई
जांच में पता चला कि दिशा पाटनी के घर का पता ई-मेल के जरिए शूटरों तक पहुंचा। रविंद्र और अरुण दो नाबालिगों के साथ मिलकर 12 सितंबर की सुबह करीब नौ राउंड फायरिंग कर गए। इसके बाद पाटनी परिवार की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।
रोहित गोदारा, गोल्डी बरार और लारेंस बिश्नोई के गैंग पर सैकड़ों शूटरों को हाईटेक हथियार देने और सोशल मीडिया के जरिए डर फैलाने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर नए-पुराने लोगों का इस्तेमाल कर अपने मंसूबे पूरे करने की कोशिश करते रहते हैं।






