अलीगढ़ के अभिषेक गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रही साजिश के मुख्य आरोपी और अखिल भारत हिंदू महासभा की पूर्व महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडेय को पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया हैं।पुलिस ने 50 हजार इनामी आरोपी को राजस्थान के भरतपुर हाईवे पर लुधावई टोल के पास से पकड़ा। जानकारी के अनुसार पूजा जयपुर से आगरा जाने वाली एसआर ट्रैवल्स की बस में सफर कर रही थी तभी टीम ने बस को रोककर जांच की तो लाल सूट और मास्क लगाए पूजा शकुन पांडेय को पहचान लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे अलीगढ़ लाया गया, जहां पूछताछ में उसने जवाब देने से इंकार कर दिया और कहा कि वह अदालत में अपने अधिवक्ता के जरिए बयान देगी। इसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। हाथरस के कचौरा कस्बे के बाइक शोरूम संचालक अभिषेक गुप्ता की 26 सितंबर की शाम खेरेश्वर चौराहा पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पूजा शकुन पांडेय सहित कई आरोपियों पर साजिश रचने का आरोप है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि फरारी के दौरान पूजा ने अपना मोबाइल इस्तेमाल नहीं किया और अलग-अलग लोगों के फोन से संपर्क करती रही। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य आरोपियों के बयानों के आधार पर अब पुलिस जल्द ही इस प्रकरण में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटे है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






