Home / News / वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: नंदपुर-रायपुर क्षेत्र में 12 अवैध आरा मशीनें ज़मींदोज़, माफियाओं में हड़कंप

वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई: नंदपुर-रायपुर क्षेत्र में 12 अवैध आरा मशीनें ज़मींदोज़, माफियाओं में हड़कंप

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

उपवन संरक्षक सागर पंवार के नेतृत्व में चला बड़ा अभियान
10 दिनों में 35 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई के बाद वन विभाग का एक और बड़ा प्रहार
झालावाड़।
वन विभाग द्वारा गैर-वानिकी (अवैध) गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उपवन संरक्षक (DCF) झालावाड़, श्री सागर पंवार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने रायपुर-नंदपुर क्षेत्र में संचालित हो रहीं 12 अवैध आरा मशीनों को पूरी तरह से नष्ट (जड़मूल से खत्म) कर उनकी सामग्रियां जब्त कर ली हैं। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
भारी पुलिस बल और प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करते हुए वन विभाग, पुलिस बल और विद्युत विभाग के संयुक्त दल ने मोर्चा संभाला।
जेसीबी से किया गया ध्वस्त: सभी 12 अवैध आरा मशीनों को जेसीबी की सहायता से मौके पर ही पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
बिजली कनेक्शन काटे गए: विद्युत विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी अवैध फैक्ट्रियों के बिजली कनेक्शन काट दिए।
सामग्री जब्त: मौके पर मौजूद अवैध लकड़ियां और मशीनी उपकरणों को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।
5 रेंजों के स्टाफ और गश्ती दल ने संभाला मोर्चा
इस विशाल कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए वन विभाग की पांच रेंजों के स्टाफ को शामिल किया गया था। कार्रवाई दल में मुख्य रूप से:
शामिल रेंजेस: रेंज पिड़ावा, डग, झालावाड़, असनावर, बकानी और झालावाड़ का विशेष गश्ती दल।
अधिकारी व नेतृत्व: क्षेत्रीय वन अधिकारी विजय सिंह, नरेंद्र चौधरी, और विक्रम सिंह जालंधर।
अधीनस्थ टीम: सहायक वनपाल रामेश्वर प्रसाद शर्मा, सुरेंद्र सिंह झाला, राजेंद्र मीणा, कैलाशचंद सैन सहित वनरक्षक लालसिंह, हंसराज मीणा, मोहित शर्मा, सुभाष कुमार, पेपाराम, भागीरथ सिंह, योगेन्द्र सिंह, विक्रम चौधरी और महिला वनरक्षक पूजा जोधा, पूजा चौधरी, सुनीता व मोनिका खेदड़ आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।
10 दिनों में 35 वाहनों पर कार्रवाई, अभियान रहेगा जारी
उल्लेखनीय है कि झालावाड़ वन विभाग पिछले कुछ समय से अवैध वानिकी गतिविधियों के खिलाफ बेहद आक्रामक रुख अपनाए हुए है। पिछले महज 10 दिनों के भीतर विभाग ने करीब 30 से 35 अवैध वाहनों को जब्त कर कड़ी कार्रवाई की है। आज की यह कार्रवाई उसी निरंतर अभियान का एक हिस्सा है।
“हमारा मूल मकसद वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों का मनोबल पूरी तरह से तोड़ना है। झालावाड़ वन क्षेत्र में हर प्रकार की गैर-वानिकी गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाने के लिए त्वरित और सख्त कार्रवाई का यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा।”
— सागर पंवार, उपवन संरक्षक (DCF), झालावाड़

[post-views]
Share
Now