बचत, निवेश, बीमा और साइबर फ्रॉड से बचाव की दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
कोरबा। ग्रामीणों में वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आरोह फाउंडेशन द्वारा भारतीय स्टेट बैंक, कोरबा के मार्गदर्शन में 29 सितंबर 2026 को कोरबा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊगा में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एफएलसी चंद्रशेखर करतला, वित्तीय काउंसलर तारावती राठिया कोरबा एवं वित्तीय काउंसलर सियाराम राठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं एवं सुरक्षित वित्तीय लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। वित्तीय काउंसलर तारावती राठिया ने बचत एवं निवेश के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से पात्रतानुसार इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
वहीं एफएलसी चंद्रशेखर ने साइबर फ्रॉड एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन अथवा पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश के प्रति सतर्क रहें।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने वित्तीय सुरक्षा, बैंकिंग सुविधाओं, बीमा एवं पेंशन योजनाओं से संबंधित जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना तथा उन्हें उपलब्ध वित्तीय योजनाओं एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट ऊगा से






