ओडिशा के संबलपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय की 20 वर्षीय छात्रा ने अपने ही सहायक प्रोफेसर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर गोपीकांत सुना ने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया। 16 जुलाई को पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ़्तार कर 17 जुलाई को अदालत में पेश किया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बुडेन थाना क्षेत्र के दहिता गांव का रहने वाला है। उधर, विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी प्रोफेसर को तत्काल निलंबित कर दिया है। कुलपति प्रोफेसर सुशांत कुमार दास ने बताया कि इस घटना को लेकर कॉलेज परिसर में महिला सुरक्षा के लिए बने आईसीसी सेल को सक्रिय किया गया है। छात्रों के लिए इसकी जानकारी खुले तौर पर दी गई है और इसका नेतृत्व एक महिला अधिकारी कर रही हैं।






