भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने विश्व क्रिकेट में तहलका मचा दिया है। महज 14 साल की उम्र में उन्होंने एक नहीं, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड तोड़कर यह साबित कर दिया कि वह भविष्य के सुपरस्टार हैं। उनके खेल ने न केवल पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के रिकॉर्ड ध्वस्त किए, बल्कि भारतीय फैंस को गर्व से भर दिया।
सबसे तेज़ यू–19 वनडे सेंचुरी, पाकिस्तान का रिकॉर्ड टूटा
वैभव ने इंग्लैंड यू–19 टीम के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में मात्र 52 गेंदों में शतक ठोककर सबको चौंका दिया। इस पारी में उन्होंने कुल 143 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 7 छक्के शामिल थे। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ी कमरान गुलाम द्वारा बनाए गए 53 गेंदों में शतक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। यह रिकॉर्ड सालों से अटूट था, लेकिन वैभव की विस्फोटक बल्लेबाज़ी के सामने टिक नहीं सका।

सबसे कम उम्र में यू–19 टेस्ट में अर्धशतक और विकेट
वैभव की प्रतिभा केवल सीमित ओवरों तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने इंग्लैंड यू–19 के खिलाफ खेले गए युथ टेस्ट मैच (बीकेनहम) में भी नया इतिहास रच दिया। 14 साल और 107 दिन की उम्र में उन्होंने एक अर्धशतकीय पारी (56 रन) खेली और साथ ही 2 विकेट भी झटके। इस प्रदर्शन के साथ वह सबसे कम उम्र में यू–19 टेस्ट में अर्धशतक और विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड बांग्लादेश के मेहिदी हसन मीराज़ (15 साल, 167 दिन) के नाम था।
IPL में धमाका: सबसे कम उम्र में सबसे तेज़ शतक
IPL 2025 में वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए केवल 38 गेंदों में शानदार 101 रन बनाकर आईपीएल इतिहास में सबसे तेज़ शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। यह प्रदर्शन बताता है कि वह सिर्फ जूनियर क्रिकेट तक सीमित नहीं, बल्कि सीनियर लेवल पर भी बड़े-बड़े खिलाड़ियों को चुनौती देने की काबिलियत रखते हैं।

वैभव सूर्यवंशी: भारत का अगला क्रिकेट सुपरस्टार?
वैभव सूर्यवंशी की इन उपलब्धियों ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। जहां एक ओर उन्होंने पाकिस्तान के रिकॉर्ड को तोड़कर उनके “गुरूर” को तोड़ा, वहीं बांग्लादेश के सबसे कम उम्र के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर “घमंड” भी चकनाचूर कर दिया। उनका खेल सिर्फ आँकड़ों में नहीं, बल्कि जज़्बे और जुनून में भी दिखता है। अगर वह इसी तरह निरंतर प्रदर्शन करते रहे, तो वह आने वाले वर्षों में भारतीय सीनियर टीम के स्तंभ बन सकते हैं।







