साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार कर भी भारतीय टीम सेमीफाइनल में….

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लेजेंड्स का 15वां मैच इंडिया चैंपियंस और साउथ अफ्रीका चैंपियंस के बीच खेला गया। इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 54 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। जवाब में इंडिया की टीम 6 विकेट पर 156 रन ही बना सकी। भारत की तरफ से इरफान पठान और यूसुफ पठान ने धुआंधार बल्लेबाजी की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। हालांकि इसके बावजूद भारत ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए जैक्स साइमैन ने 43 गेंद पर 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 73 रन की धुआंधार पारी खेली। इसके अलावा रिचर्ड लेवी ने भी काफी विस्फोटक बल्लेबाजी की। उन्होंने 25 गेंद पर 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 60 रन बनाए। इसी वजह से टीम 210 का स्कोर बनाने में कामयाब रही। भारत की तरफ से हरभजन सिंह ने काफी खतरनाक गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 25 रन देकर 4 विकेट लिए।

टार्गेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रॉबिन उथप्पा ने तेज शुरुआत दी। उन्होंने 10 गेंद पर 5 चौके की मदद से 23 रन बनाए। हालांकि नमन ओझा सिर्फ 5 रन ही बना सके। इसके अलावा सुरेश रैना ने भी 24 गेंद पर 21 रन की धीमी पारी खेली और इसी वजह से टीम के ऊपर दबाव काफी बढ़ गया। अंबाती रायडू 2 और कप्तान युवराज सिंह 5 रन ही बना सके। निचले क्रम में यूसुफ पठान और इरफान पठान ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने काफी अच्छी बैटिंग की लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। यूसुफ पठान ने 44 गेंद पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। वहीं इरफान पठान ने 21 गेंद पर 35 रन की पारी खेली। रिपोर्ट: अंकित उपाध्याय

Share
Now