जम्मू-कश्मीर इन दिनों लगातार बारिश से जूझ रहा है। डोडा जिले के भलेसा इलाके में मंगलवार को बादल फट गया, जिससे हालात बेकाबू हो गए। कई घर पानी में बह गए और 3 से 4 लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
सबसे बड़ी दिक्कत जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे (NH-44) पर देखने को मिली, जहां भूस्खलन और पहाड़ों से गिरते पत्थरों की वजह से ट्रैफिक पूरी तरह रुक गया। रामबन इलाके में तो हालत और खराब रहे, यहां दिनभर सड़क बंद पड़ी रही।

प्रशासन की अपील लोगों से कहा गया है कि अभी अनावश्यक सफर बिल्कुल न करें और मौसम सामान्य होने तक घरों से बाहर निकलने से बचें। कटरा-शिवखोड़ी नेशनल हाईवे भी मलबा गिरने की वजह से बंद कर दिया गया है और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया गया है।
रियासी जिले के सीला गांव में भी भारी बारिश से भूस्खलन हुआ। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत गाड़ियों को वैकल्पिक मार्गों से भेजना शुरू कर दिया। डीएसपी रियासी विशाल जम्वाल ने बताया कि बलवा रोड भी बारिश से बुरी तरह प्रभावित है। चिनाब नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसकी वजह से किनारे बसे गांवों में खतरा मंडरा रहा है। SDRF की टीमें मौके पर तैनात हैं और नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट रहने और बेवजह बाहर न निकलने की सलाह दी गई है






