Home / Updates / श्रद्धा की राह पर मौत का कहर: देवघर में बस-ट्रक भिड़ंत, 18 कांवड़ियों की दर्दनाक मौत….

श्रद्धा की राह पर मौत का कहर: देवघर में बस-ट्रक भिड़ंत, 18 कांवड़ियों की दर्दनाक मौत….

झारखंड के देवघर में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। कांवड़ियों से भरी एक बस और ट्रक की सीधी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ये सभी श्रद्धालु श्रावण महीने में जल चढ़ाने के लिए बासुकीनाथ जा रहे थे।

बता दे की हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह चकनाचूर हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई और आखिर में सड़क किनारे रखी ईंटों से टकरा गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि दृश्य बेहद भयावह था — घायल श्रद्धालु चीख-पुकार कर रहे थे और चारों तरफ अफरा-तफरी मची हुई थी।

वही सांसद निशिकांत दुबे ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए बताया कि 18 कांवड़ियों की जान चली गई है। वहीं, देवघर सदर के SDO रवि कुमार ने अभी तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है और 23 घायल बताए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को देवघर सदर अस्पताल और AIIMS में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आ गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर के वक्त बस में सवार श्रद्धालु सो रहे थे और अचानक ऐसा हादसा हो गया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

साथ ही बता दे की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे पर शोक जताते हुए लिखा कि जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की है। श्रावण मास में आस्था की राह पर निकले ये श्रद्धालु अपने घरों से भावनाओं और भक्ति से भरे दिल लेकर निकले थे, लेकिन इस भयावह हादसे ने कई घरों को उजाड़ दिया।

Tagged:
[post-views]
Share
Now