MBA छात्रा की गोली मारकर हत्या के विरोध में BJP नेता का ऑफिस गिराने बुलडोजर लेकर पहुंचे कांग्रेसी! पुलिस ने किया…

जबलपुर में MBA छात्रा की हत्या के आरोपी भाजपा नेता का ऑफिस और घर गिराने युवा कांग्रेस बुलडोजर लेकर पहुंची। हालांकि, कुछ देर धरना – प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस नेता वापस लौट गए। कांग्रेस ने इसे अपना सांकेतिक प्रदर्शन बताया। पहले दावा था कि कांग्रेस भाजपा नेता के घर पर बुलडोजर चलाएगी। आरोपी को पुलिस जेल भेज चुकी है, लेकिन युवा कांग्रेस उसके घर और ऑफिस पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़े हैं। युवा कांग्रेस की ओर से शहर में इसे लेकर एक दिन पहले यानी मंगलवार को पोस्टर्स भी लगाए गए थे।

कांग्रेस का कहना है कि जिस तरह प्रशासन आम अपराधियों के साथ बर्ताव करता है, वही सलूक छात्रा को गोली मारने वाले के साथ किया जाए। उसका मकान जमींदोज किया जाए। कांग्रेस अपनी मांग को लेकर ‘जस्टिस फॉर वेदिका’ कैम्पेन भी चला रही है। आज शाम कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा।

जबलपुर में भाजपा नेता प्रियांश विश्वकर्मा के गोली मारने से घायल MBA छात्रा ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। वह पिछले 10 दिन से अस्पताल में भर्ती थी। पीठ में गोली फंसी होने के कारण उसके शरीर में जहर फैल गया था। छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने प्रियांश के खिलाफ दर्ज एफआईआर में हत्या की धारा 302 बढ़ा दी है। परिजन ने भी आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है।

CM को तुरंत एक्शन लेना था, लेकिन सरकार आरोपी को बचा रही

यूथ कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता जिस जोश के साथ भाजपा नेता प्रियांश विश्वकर्मा का मकान तोड़ने आए थे, वह महज कुछ मिनट तक सीमित रहा। यूथ कांग्रेस के नगर अध्यक्ष जितिन राज ने कहा कि जिस बेरहमी से वेदिका ठाकुर की हत्या की गई, उस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को तुरंत एक्शन लेना था। आरोपी का घर जमींदोज कर देना चाहिए था, लेकिन भाजपा सरकार अपने कार्यकर्ता को बचाने में जुटी रही। आज हमने सांकेतिक प्रदर्शन किया है। अगर सख्त कार्रवाई नहीं होती है, तो यूथ कांग्रेस का बुलडोजर चलेगा।

पोस्टर में लिखा- युवा कांग्रेस चलाएगी बुलडोजर

यूथ कांग्रेस के नगर अध्यक्ष जितिन राज, प्रदेश महासचिव सौरभ शर्मा और सैकड़ों कार्यकर्ता गंगानगर के पास आरोपी के ऑफिस पहुंचे। मंगलवार को ही यूथ कांग्रेस की ओर से पोस्टर्स भी लगवाए गए थे। इसमें लिखा है- वेदिका सिंह के हत्यारे भाजपा नेता प्रियांश के घर पर क्यों नहीं चल रहा बुलडोजर। यह भी लिखा है- अपराधियों से मोह एवं हत्यारे भाजपा नेता को संरक्षण दे रहे हैं मुख्यमंत्री। युवा कांग्रेस चलाएगी हत्यारे नेता के घर बुलडोजर।

कांग्रेस अपने उस आरोप पर कायम है कि पुलिस – प्रशासन ने BJP के दबाव में केस कमजोर बनाने की कोशिश की है। इसमें पहले गैर इरादतन गोली चलने का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में सोशल मीडिया में वायरल हुए वेदिका के मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर पुलिस को हत्या का मामला दर्ज करना पड़ा।

BJP नगर अध्यक्ष बोले, निर्देश पर कार्रवाई करेंगे

जबलपुर BJP नगर अध्यक्ष प्रभात साहू का अभी भी वही कहना है कि आरोपी प्रियांश पार्टी में किसी पद पर नहीं है। गाड़ी में भाजपा का झंडा लगाने पर उन्होंने कहा कि कोई भी लगा सकता है। हालांकि, एक अपराधी द्वारा पार्टी के नाम और झंडे के गलत इस्तेमाल पर FIR न करवाने के सवाल पर भाजपा नगर अध्यक्ष का कहना है कि वो प्रदेश संगठन के निर्देश पर ही कोई कार्रवाई करेंगे।

Share
Now