Home / Events / सीएमओ ने पुरकाजी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण।

सीएमओ ने पुरकाजी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण।

अज़ीज़ अहमद सिद्दीकी पुरकाजी

बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुरकाजी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की समग्र व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, स्टाफ उपस्थिति, दवा भंडारण और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के समय डॉ. सुनील तेवतिया ने ओपीडी रजिस्टर, टीकाकरण रिकॉर्ड, दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक मरीज को समय पर दवा और परामर्श मिलना चाहिए, यह सुनिश्चित करना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।

केंद्र प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ सुमित चौधरी को निर्देशित किया गया कि सभी कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, केंद्र परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें, तथा मरीजों की सुविधा के लिए बैठने और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान डॉ. सुनील तेवतिया ने मरीजों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि मरीजों की संतुष्टि ही स्वास्थ्य सेवाओं की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।

निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी कमियाँ पाई गईं, जैसे दवा भंडारण कक्ष की व्यवस्था और रिकॉर्ड में सुधार की आवश्यकता, जिसके लिए उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि नियमित निरीक्षणों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना और आमजन तक सुविधाओं को प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर प्रोत्साहित किया जाएगा।

[post-views]
Share
Now