ब्यूरो संजय मिश्रा
चित्रकूट।पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओरा में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गांव के एक खेत में कचरे के ढेर से नवजात बच्ची मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्ची को जन्म के तुरंत बाद कचरे के ढेर में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पहाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात बच्ची को सकुशल व सुरक्षित बरामद किया। इसके बाद बच्ची को चाइल्डलाइन जनपद चित्रकूट की टीम को सौंप दिया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसकी देखभाल की जा रही है।
क्षेत्राधिकार राजापुर राजकमल ने बताया कि थाना पहाड़ी पुलिस टीम नवजात बच्ची की सुरक्षा और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही है। चाइल्डलाइन टीम और संबंधित मेडिकल स्टाफ से लगातार समन्वय बनाकर बच्ची की उचित देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।







