Home / News / चित्रकूट -आयुक्त अजीत कुमार द्वारा जनपद की दो धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, संबंधितों को दिए सख्त निर्देश

चित्रकूट -आयुक्त अजीत कुमार द्वारा जनपद की दो धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, संबंधितों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट संजय मिश्रा
चित्रकूट, 5 दिसम्बर 2025।
प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हितों की रक्षा एवं पारदर्शी धान क्रय व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से आयुक्त चित्रकूट धाम मण्डल बाँदा अजीत कुमार द्वारा आज जनपद चित्रकूट के दो धान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर समयबद्ध, पारदर्शी एवं परेशानी-मुक्त खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। आयुक्त द्वारा आज के निरीक्षण में इसी दिशा में गहन निरीक्षण किया गया।
1-कर्वी मंडी परिसर धान क्रय केंद्र
निरीक्षण के दौरान विपणन निरीक्षक विनय कुमार मिश्रा उपस्थित पाए गए। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि आज दिनांक तक 33 कृषकों से कुल 1348 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। सभी कृषकों को धान खरीद का भुगतान समय से किया जा चुका है तथा 48 घंटे से अधिक समय का कोई भुगतान लंबित नहीं पाया गया। इस संबंध में मौके पर उपस्थित कृषकों से भी धान खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली गई, तो उनके द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। साथ ही आयुक्त ने भी व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए निर्देशित किया कि किसानों के साथ विनम्र व्यवहार, क्रय-प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा भुगतान की समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित रहे।
2-मंडी समिति कर्वी धान क्रय केंद्र
निरीक्षण के दौरान मंडी सहायक उपस्थित पाए गए। उनके अनुसार अब तक 26 कृषकों से 923 कुंतल धान की खरीद सम्पन्न हो चुकी है। सभी किसानों का भुगतान पूरी तरह किया जा चुका है, तथा किसी भी किसान का भुगतान 48 घंटे से अधिक समय से लंबित नहीं है। आयुक्त ने निर्देशित किया कि केंद्र पर साफ-सफाई बनाए रखते हुए किसानों की सुविधाओं—वजन व्यवस्था, नमी मापक यंत्र एवं आवश्यक यंत्रों की उपलब्धता, पंजीकरण सहायता आदि—पर विशेष ध्यान दिया जाए।
3-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर का निरीक्षण
धान क्रय केन्द्रों के बाद आयुक्त द्वारा पीएचसी सीतापुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय केंद्र पर ताला लगा पाया गया, जिसे अत्यन्त गंभीर लापरवाही मानते हुए आयुक्त ने घोर अप्रसन्नता व्यक्त की तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चित्रकूट से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया गया कि केंद्र पर नियमित चिकित्सकीय सेवाएँ हर परिस्थिति में उपलब्ध रहें, समस्त डॉक्टरों कि उपस्थिति समय से दर्ज हो तथा अनुपस्थिति की पुनरावृत्ति होने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
आयुक्त ने कहा कि सरकार किसानों, ग्रामीण जनता एवं प्रदेशवासियों को पारदर्शी, तत्पर तथा जवाबदेह सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। धान क्रय व्यवस्था से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक, प्रत्येक विभाग को जनहित सर्वोपरि रखते हुए कार्य करना होगा। प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसान सम्मानपूर्वक अपना धान बेच सकें, समय से भुगतान पा सकें तथा जनता को स्वास्थ्य सेवाएँ बिना किसी व्यवधान के उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tagged:
[post-views]
Share
Now