रिपोर्ट : गुड्डू त्यागी
स्थान: मुज़फ्फरनगर (चरथावल)
मुज़फ्फरनगर जनपद के अंतर्गत आने वाला चरथावल-कुटेसरा मार्ग आज अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। यह सड़क कभी आवागमन का मुख्य मार्ग हुआ करती थी, लेकिन आज इसकी हालत इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है।
इस सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि पूरी सड़क जगह-जगह गहरे और खतरनाक गड्ढों में तब्दील हो गई है। आए दिन इन गड्ढों की वजह से वाहन चालक दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। बाइक, स्कूटी से लेकर भारी वाहन तक इन गड्ढों में फंस कर पलट जाते हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस सड़क का निर्माण हुए अभी दो साल भी पूरे नहीं हुए हैं, फिर भी इसकी हालत ऐसी हो गई है जैसे वर्षों से मरम्मत ही नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में जमकर लापरवाही और घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। यदि यह सड़क मानकों के अनुसार बनाई जाती, तो इतनी जल्दी इसकी यह दुर्गति नहीं होती।
राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुज़ुर्गों और आपातकालीन सेवाओं को भी इस खराब सड़क की वजह से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी ज़रूरी सेवाएं भी समय पर नहीं पहुंच पातीं।
स्थानीय निवासी और व्यापारियों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। नेताओं ने चुनावों के समय इस मार्ग को चमकाने के वादे तो खूब किए थे, लेकिन अब वे सब वादे हवा हो चुके हैं। चुनावी मंच से विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाले नेता अब इस सड़क की ओर मुड़कर भी नहीं देखते।






