राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में बड़े पैमाने पर वोट चोरी हुई है। राहुल ने दावा किया कि राज्य में करीब 25 लाख फर्जी वोट डाले गए। उन्होंने कहा कि जांच में कई फर्जी फोटो, नाम और पते सामने आए हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर हरियाणा में जनादेश चुराया। राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा की मतदाता सूची में हर आठ में से एक नाम फर्जी है। राहुल ने ‘ऑपरेशन सरकार चोरी’ का जिक्र करते हुए बताया कि इस साज़िश से कांग्रेस की जीत को हार में बदला गया।
उन्होंने उदाहरण दिया कि एक महिला की एक ही तस्वीर को कई बार इस्तेमाल कर वोट डलवाए गए। राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी हमला बोला और कहा कि आयोग फर्जी नामों को मतदाता सूची से नहीं हटा रहा है क्योंकि वे निष्पक्ष चुनाव नहीं चाहते। उन्होंने बताया कि पोस्टल वोटों में कांग्रेस को 73 और भाजपा को 17 सीटें मिलीं, लेकिन अंतिम नतीजे अलग आए। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी के पास ‘H फाइल्स’ हैं जिनसे साबित होता है कि चुनावी गड़बड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हुई है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






