भारतीय क्रिकेट में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे और टी20 टीम का एलान कर दिया है, और सबसे बड़ा फैसला ये रहा कि अब भारतीय वनडे टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है। श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि अनुभवी रोहित शर्मा इस दौरे पर केवल बल्लेबाज की भूमिका में नजर आएंगे। चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर ने साफ किया कि यह बदलाव भविष्य की रणनीति के तहत किया गया है, खासकर 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए। गिल पहले ही टेस्ट कप्तानी की ज़िम्मेदारी निभा रहे हैं और अब उन्हें वनडे में भी टीम की अगुवाई का मौका मिला है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह दौरा 19 अक्टूबर से शुरू होगा, जिसमें तीन वनडे (19, 23 और 25 अक्टूबर) और फिर 29 अक्टूबर से 8 नवंबर तक पांच टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। इस सीरीज के जरिए रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर भारतीय जर्सी में मैदान पर उतरेंगे। कोहली आखिरी बार मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में खेले थे। रोहित की कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी और 2023 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया से मिली हार ने उस सपने को अधूरा छोड़ दिया।

टीम में कुछ बड़े नाम इस बार नहीं दिखेंगे। हार्दिक पांड्या अभी तक चोट से उबर नहीं पाए हैं और इस वजह से बाहर हैं। ऋषभ पंत की रिकवरी भी चल रही है, इसलिए वह भी चयन के दायरे में नहीं आए। जसप्रीत बुमराह को वनडे से आराम दिया गया है लेकिन वह टी20 सीरीज में टीम का हिस्सा होंगे। दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर को उपकप्तानी देकर यह संदेश भी दिया गया है कि टीम प्रबंधन उन्हें भविष्य के नेता के रूप में देख रहा है। यह बदलाव दर्शाते हैं कि टीम इंडिया अब अनुभव और युवा जोश के संतुलन के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए वनडे फॉर्मेट की भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर)और यशस्वी जायसवाल.
रिपोर्ट:- कनक चौहान






