घोसी के घमासान में सपा ने बड़ी जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने बीजेपी के दारा सिंह को 42672 वोटों से हराया है। 2022 विधानसभा चुनाव में सपा से चुनाव लड़ रहे दारा सिंह ने 22000 वोटों से जीत दर्ज की थी। यह सीट दारा सिंह चौहान के इस्तीफे देने के कारण खाली हुई थी। जीत को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि ये झूठे प्रचार और जुमला जीवियों की पराजय है। ये दलबदल-घरबदल की सियासत करने वालों की हार है।
उन्होंने कहा कि ये नतीजा भाजपा का अहंकार और घमंड को चकनाचूर करने वाला है। ये एक ऐसा चुनाव है, जिसमें जीते तो एक विधायक हैं। पर हारे कई दलों के भावी मंत्री हैं। इंडिया टीम है और PDA रणनीति। जीत का हमारा ये नया फॉर्मूला सफल साबित हुआ है। घोसी की जनता को धन्यवाद। सुधाकर सिंह को जीत की बधाई।
बीजेपी की हार पर ओपी राजभर ने कहा कि जो रिजल्ट आ रहा है, हम उसका स्वागत करते हैं। विपक्ष जब हारता है तो EVM पर सवाल उठाता है। अब तो ये प्रमाण हो गया कि EVM सही है। दैनिक भास्कर ने राजभर से पूछा कि क्या आप इस परिणाम से सीख लेंगे? जवाब में उन्होंने कहा कि बिल्कुल सीख लेंगे। जो कमी रहेगी, उसे आने वाले चुनाव में सुधारा जाएगा।
वहीं RLD प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा कि बड़ी जीत दर्ज करा कर INDIA का हौसला बढ़ाने के लिए घोसी, उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को धन्यवाद। घोसी से प्रत्याशी सुधाकर सिंह और अखिलेश यादव को बधाई।
बैलेट काउंटिंग में दारा सिंह रहे आगे
शुरुआत में बैलेट काउंटिंग में बीजेपी के दारा सिंह चौहान ने बढ़त बनाई, लेकिन EVM से काउंटिंग शुरू होते ही सपा के प्रत्याशी सुधाकर सिंह आगे निकल गए। पहले राउंड में सुधाकर सिंह ने 178 वोटों की लीड ली। इसके बाद हर राउंड में जीत का ग्राफ बढ़ता गया।