अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
बरपाली//तहसील बरपाली अंतर्गत ग्राम पंचायत पहाड़ गांव के मोहल्ला कालाभाठा में पिछले लगभग 25 वर्षों से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण नहीं हो पाया है। भवन के अभाव में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सामुदायिक भवन में किया जा रहा है, जिससे छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंताएं बनी हुई हैं।
ग्रामीणों और बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि जिस स्थान पर वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहा है, वह मुख्य सड़क के समीप स्थित है। इसके कारण बच्चों के सड़क दुर्घटना की चपेट में आने का खतरा हमेशा बना रहता है। अभिभावकों ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर वे लगातार चिंतित रहते हैं, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में कई बार ग्राम पंचायत के माध्यम से प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा सुशासन तिहार के दौरान भी शिकायत दर्ज कराई गई। आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, परियोजना अधिकारी सहित संबंधित विभागों को भी कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक भवन निर्माण के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि उन्होंने भी कई बार विभागीय अधिकारियों को भवन निर्माण की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे बच्चों एवं कार्यकर्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन कालाभाठा मोहल्ले में आंगनबाड़ी भवन का अभाव इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बाधा बन रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाए।
अब देखना यह होगा कि वर्षों पुरानी इस मांग पर संबंधित विभाग और प्रशासन कब तक कार्रवाई करते हैं और क्षेत्र के नौनिहालों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त आंगनबाड़ी भवन कब तक उपलब्ध हो पाता है।
25 वर्षों से नहीं बन पाया आंगनबाड़ी भवन, सामुदायिक भवन में संचालित केंद्र से बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा






