रिपोर्ट – समीरज जैन
करेली। देश में जब भी कोई आपदा आती है, तो इंसानियत और भाईचारे की तस्वीरें सामने आती हैं। इसी क्रम में करेली नगर में मानवता और साम्प्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए करेली के मुस्लिम समाज ने आगे आकर एक अनुकरणीय पहल की।
अतिवृष्टि से पंजाब के अनेक क्षेत्र में जल भराव होने से बड़ी मात्रा में नुकसान हुआ है। पीड़ित मानव सेवा की ओर अनुकरणीय कदम बढ़ाते हुए शनिवार को जामा मस्जिद करेली में गुरुद्वारा गुरूसिंघ सभा करेली को मुस्लिम समाज द्वारा पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 1 लाख 1 हजार 500 रु की नगद राशि बतौर मदद दुआओं के साथ सौपी गई। यह सहायता राशि पंजाब के बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाने हेतु सौंपते समय दुआओं के साथ पीड़ितों के लिए राहत और पुनर्वास की कामना की गई।
इस अवसर पर दोनों समुदायों के प्रमुख जन उपस्थित रहे और इस पहल को सामाजिक एकता और इंसानियत की सबसे सुंदर तस्वीर बताया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि “धर्म हमें बाँटता नहीं, बल्कि एक-दूसरे की मदद करना ही असली इबादत और सेवा है।”
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने इस सहयोग के लिए मुस्लिम समाज का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह पहल निश्चित रूप से पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है और देश में भाईचारे को और मजबूत करती है।






