भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। नेपाल की विभिन्न जेलों से भागे कैदी लगातार भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। सीमा सुरक्षा बल (SSB) ने अब तक ऐसे 60 फरार कैदियों को पकड़कर नेपाल पुलिस के हवाले किया है।
सूत्रों के मुताबिक, नेपाल में चल रहे राजनीतिक संकट और जेलों में सुरक्षा व्यवस्था के ढीलेपन का फायदा उठाकर कई कैदी फरार हो चुके हैं। आशंका है कि ये कैदी भारतीय सीमा में घुसकर अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे।
SSB अधिकारियों ने बताया कि सीमा चौकियों पर निगरानी और कड़ी कर दी गई है। हर आने-जाने वाले शख्स की सघन जांच की जा रही है। खासकर नेपाल से लगने वाले उत्तर प्रदेश और बिहार के जिलों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि नेपाल की जेलों से भागे कैदियों के चलते सीमा पार के अपराधियों और गिरोहों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसी वजह से खुफिया एजेंसियां लगातार अलर्ट मोड पर हैं।
सीमा सुरक्षा बल ने लोगों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना स्थानीय पुलिस और प्रशासन को दें।






