शामली के झिंझाना कोतवाली परिसर में शराब नष्टीकरण के दौरान झुलसे चौकीदार नवाब (45) की दिल्ली में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। उनकी मौत से परिजनों में शोक का माहौल है। इस घटना में दो पुलिसकर्मी, एक जेसीबी मशीन चालक और चौकीदार नवाब झुलस गए थे, जिनमें नवाब की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें दिल्ली रेफर किया गया था। जहां बुधवार की देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
शराब विनष्टीकरण के दौरान झुलसे थे सभी
यह घटना शनिवार को हुई थी, जब कोतवाली में विभिन्न 59 मामलों में जब्त की गई अवैध शराब का न्यायालय के आदेश पर विनष्टीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान आग लगने से दो पुलिसकर्मी, जोनी कुमार और ललित, जेसीबी मशीन चालक सुनील कुमार (निवासी लक्ष्मणपुर) और चौकीदार नवाब (निवासी तिसंग) झुलस गए थे।
दिल्ली में इलाज के दौरान तोड़ा दम
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नवाब की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर किया गया था, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। बुधवार देर रात दिल्ली में इलाज के दौरान नवाब ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार से पूर्व प्रधान राफा ने बताया कि नवाब की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को घर लाया जाएगा।






