अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
करतला/कोरबा,
छत्तीसगढ़ के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम औराई स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक अमृतलाल रत्नाकर द्वारा एक महिला मीडियाकर्मी के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला प्रकाश में आया है। सामान्य जानकारी लेने पहुंची मीडियाकर्मी के साथ शिक्षक द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में कुल चार शिक्षक पदस्थ हैं। घटना के दिन प्रधानपाठक गिरधारी सिंह पैकरा अवकाश पर थे, जबकि शिक्षक कन्हैया लाल साहू की एसआईआर ड्यूटी लगी हुई थी। एक अन्य शिक्षक कांति लाल रात्रे अनुपस्थित बताए गए। ऐसे में विद्यालय की व्यवस्था को लेकर जानकारी लेने पहुंची महिला मीडियाकर्मी ने उपस्थित शिक्षक अमृतलाल रत्नाकर से प्रश्न किया।
आरोप है कि साधारण जानकारी पूछे जाने पर शिक्षक रत्नाकर भड़क गए और मीडियाकर्मी से दुर्व्यवहार करते हुए कथित तौर पर कहा, “जो छापना है छाप लो, हमारा कोई कुछ उखाड़ नहीं सकता।” इस व्यवहार से मीडियाकर्मी आहत हुईं और उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) तथा संबंधित सीएससी अधिकारी को दूरभाष के माध्यम से दी।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब यह देखना शेष है कि शिक्षा विभाग अनुपस्थित शिक्षकों तथा दुर्व्यवहार के आरोपित शिक्षक के विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है।
करतला के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला औराई में शिक्षक द्वारा महिला मीडियाकर्मी से दुर्व्यवहार






