Home / News / डाकिया के बेटे ने तीसरे प्रयास में पास किया नीट.

डाकिया के बेटे ने तीसरे प्रयास में पास किया नीट.

नावकोठी l मेहनत और लगन से हर मुश्किल आसान हो जाती है. इसका जीता-जागता उदाहरण पेश किया है नावकोठी प्रखंड के पहसारा पूर्वी पंचायत के वार्ड 05 निवासी नीतीश कुमार ने. नीतीश ने तीसरे प्रयास में नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे प्रखंड का नाम रौशन किया है.नीतीश पहसारा पूर्वी के निवासी जनार्दन यादव और मंजू देवी के पुत्र हैं. पिता जनार्दन यादव गम्हरिया डाकघर में डाकिया का काम करते हैं, वहीं माता मंजू देवी कुशल गृहणी होने के साथ-साथ खाद दुकान की प्रोपराइटर भी हैं.सीमित संसाधनों के बावजूद नीतीश ने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते हुए इस साल सफलता का परचम लहराया.नीतीश की इस उपलब्धि से पूरे प्रखंड सहित पंचायत में खुशी का माहौल है. उनकी सफलता पर शुक्रवार को पंचायत भवन पहसारा पूर्वी में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
समारोह में पंचायत के मुखिया दिनेश यादव ने नीतीश को फूल माला, अंगवस्त्र और पाग पहनाकर सम्मानित किया.मुखिया ने कहा कि नीतीश ने साबित कर दिया है कि अगर इरादा पक्का हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं है. ये पूरे पंचायत के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं.
सम्मानित होने पर नीतीश ने कहा कि इस सफलता का श्रेय मैं अपने माता-पिता और गुरुजनों को देता हूं. शुरुआती दो बार असफलता मिली लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं टूटने दी.पिता जनार्दन यादव की आंखें बेटे की सफलता पर नम हो गईं.उन्होंने कहा हम डाक बांटते हैं, आज मेरा बेटा डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करेगा, इससे बड़ी खुशी क्या होगी.बधाई देने वालों में पंचायत के उप मुखिया संजय यादव, रामऊजागर यादव बबलू कुमार, विपिन कुमार,प्रेम शंकर कुमार,बीरबल कुमार, कालेश्वर यादव, श्रवण महतो आदि सभी ग्रामीण शामिल थे.

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now