Home / Updates / तेंदुए का शिकार बनी 10 साल की बच्ची, हुई दर्दनाक मौत, गाँव में दहशत का माहौल…

तेंदुए का शिकार बनी 10 साल की बच्ची, हुई दर्दनाक मौत, गाँव में दहशत का माहौल…

बिजनौर: नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रमपुर में रविवार सुबह गुलदार ने दस साल की मासूम बच्ची को मार डाला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वहीं वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए  पिंजरे लगाए हैं। 

गांव मुकर्रमपुर निवासी अतुल कुमार का परिवार रविवार सुबह गन्ने की बुआई के लिए खेत पर गया था। करीब 10 बजे उनकी पत्नी पिंकी अपने बच्चों अदिति (10) उर्फ मधु और आदित्य के साथ काम निपटाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रामकुमार के खेत के पास झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक अदिति पर हमला कर दिया और मां व भाई के सामने ही उसे गर्दन से दबोचकर जंगल की ओर खींच ले गया।  

पिंकी के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों के शोर मचाने और पीछा करने पर गुलदार बच्ची को करीब 200 मीटर दूर लहूलुहान हालत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिजन गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहटौर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 

सूचना मिलने पर तहसीलदार धनराज कुमार, सीओ अभय कुमार पांडे और डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग की टीम ने गांव के पास जंगल में कांबिंग शुरू कर दी है और दो पिंजरे लगाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार अदिति प्राथमिक विद्यालय की कक्षा चार की छात्रा थी और चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी।

[post-views]
Share
Now