Join Us

वाजपेयी की 100वीं जयंती, CM पुष्कर धामी और रजत शर्मा रहे मौजूद

आज पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती है। इस अवसर पर पूरे देश में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक उपस्थित रहे। इस मौके पर अटल बिहारी वाजपेयी की एक मूर्ति का अनावरण भी किया गया।

अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री बने थे। उनका जन्म 1924 में आज ही के दिन हुआ था। वह भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक थे। उनका पहला प्रधानमंत्री कार्यकाल 1996 में महज 13 दिन का था। इसके बाद, 1998 में उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला और 13 महीने तक इस पद पर रहे। 1999 में उन्होंने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला। वह पहले गैर-कांग्रेसी नेता थे जिन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया।

अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी के अवसर पर आयोजित प्रार्थना सभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस मौके पर ‘सदैव अटल’ कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा सहित केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे। इसके अलावा, भाजपा के सहयोगी दलों से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, जनता दल (यूनाइटेड) के नेता ललन सिंह और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के नेता जीतन राम मांझी ने भी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और वाजपेयी की दत्तक पुत्री के परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के साथ जिस प्रकार देश को एक नई दिशा और गति दी, उसका प्रभाव हमेशा अटल रहेगा। यह मेरा सौभाग्य रहा है कि मुझे उनका भरपूर सान्निध्य और आशीर्वाद मिला।’’

Share
Now