दिल्ली के शाहदरा जिले के विश्वास नगर इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक अग्निकांड सामने आया। यहां एक चार मंजिला इमारत में आग लगने से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार तड़के करीब 4:20 बजे दिल्ली के विश्वास नगर की गली नंबर-11 में हुई। जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा खड़े किए जाते थे और वहीं उनकी चार्जिंग की व्यवस्था भी थी। बताया जा रहा है कि इमारत में रहने वाले कुछ लोग रात में वहीं सो रहे थे। इसी दौरान नीचे चार्जिंग पॉइंट के पास आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे ग्राउंड फ्लोर में फैल गई।
आग लगने के समय छह लोग इमारत के पहले तल पर सो रहे थे। अचानक उठे धुएं और आग की वजह से वे इसकी चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल विभाग की गाड़ियां, एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद इमारत में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों की पहचान महेंद्र, ठाकुर, अशोक और सादू के रूप में हुई है। चारों उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, आग की शुरुआत ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए लगाए गए इलेक्ट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड से होने की आशंका है। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्राउंड फ्लोर पर खड़े चार ई-रिक्शा भी पूरी तरह जल गए। राहत और बचाव कार्य के लिए चार दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस भेजी गई थीं। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में मदद की।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा के अनुसार, शुरुआती जांच में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट आग लगने की संभावित वजह सामने आया है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस इमारत में मौजूद बिजली के कनेक्शन, चार्जिंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इमारतों में ई-रिक्शा चार्जिंग व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।





