Home / Breaking News / संविधान दिवस पर सपा का घोषणा पत्र जारी कई बड़े ऐलान युवाओं को नौकरी मिलने तक मिलेंगे₹5000 प्रतिमाह….

संविधान दिवस पर सपा का घोषणा पत्र जारी कई बड़े ऐलान युवाओं को नौकरी मिलने तक मिलेंगे₹5000 प्रतिमाह….

समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस के मौके पर अपना चुनावी घोषणा-पत्र जारी कर उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी हलचल तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को घोषणापत्र पेश करते हुए युवाओं, महिलाओं, किसानों और वंचित वर्गों के लिए कई बड़े वादे किए। सपा ने सत्ता में आने पर युवाओं को रोजगार मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने और सरकारी विभागों में 10 लाख पदों पर भर्ती शुरू कराने का ऐलान किया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू किया जाएगा। पार्टी ने दावा किया है कि सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही 10 लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही जिन भर्तियों में कई चरणों की परीक्षाएं होती हैं, उन्हें छह महीने के भीतर पूरा करने का वादा भी किया गया है।

महिलाओं के लिए भी घोषणा-पत्र में बड़ी आर्थिक सहायता का प्रस्ताव रखा गया है। सपा ने बुजुर्ग महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने की बात कही है। वहीं किसानों के लिए कर्जमाफी का वादा किया गया है। इसके अलावा पार्टी ने प्रदेश में जातिगत जनगणना कराने की घोषणा दोहराई है, ताकि विभिन्न सामाजिक वर्गों की स्थिति और जरूरतों के आधार पर नीतियां बनाई जा सकें।

दलित समाज के कल्याण के लिए अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद गठित करने का प्रस्ताव रखा। पार्टी के मुताबिक, यह परिषद दलित समुदाय के सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर काम करेगी।

सपा के इस घोषणा-पत्र में रोजगार, पेंशन, महिला कल्याण, किसान हित और सामाजिक न्याय को प्रमुखता दी गई है। अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में पार्टी के इन वादों को जनता का कितना समर्थन मिलता है और दूसरे राजनीतिक दल इसके जवाब में क्या घोषणाएं करते हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now