लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
महीने के अंत तक भूमि चिह्नित कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश, डीडीसी ने सभी एसडीओ के साथ की समीक्षा बैठक
समस्तीपुर। जिले के 95 भूमिहीन प्रारंभिक विद्यालयों को अब अपनी जमीन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। इन विद्यालयों में भवन निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए जिला प्रशासन ने भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। कायाकल्प अभियान के तहत बुधवार को उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त सूची की समीक्षा में जिले के कुल 95 भूमिहीन प्रारंभिक विद्यालय चिह्नित किए गए।
अनुमंडलवार आंकड़ों के अनुसार, समस्तीपुर सदर में 33, रोसड़ा में 32, दलसिंहसराय में 16 और पटोरी अनुमंडल में 14 विद्यालय भूमिहीन हैं।
उप विकास आयुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ग्राम स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कराकर विद्यालयों के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया। विद्यालय भवन निर्माण के लिए आवश्यकता के अनुसार न्यूनतम 10 डिसमिल से अधिकतम 50 डिसमिल तक जमीन चिह्नित की जाएगी।
भूमि उपलब्ध कराने के लिए सबसे पहले गैरमजरुआ आम जमीन को प्राथमिकता देने को कहा गया है। इसके लिए ग्राम पंचायत का अनापत्ति प्रमाण-पत्र आवश्यक होगा। इसके अलावा गैरमजरुआ खास जमीन पर भी विचार किया जाएगा। सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में दान के माध्यम से प्राप्त भूमि का विधिवत निबंधन कराकर प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है।
डीडीसी ने अधिकारियों को भूमि के रकबे, उपयुक्तता और स्वामित्व की समुचित जांच करने तथा भूमि हस्तांतरण एवं आवंटन से जुड़ी प्रक्रिया आपसी समन्वय के साथ पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की इस पहल से जिले के 95 भूमिहीन विद्यालयों में भवन निर्माण की दिशा में नई उम्मीद जगी है। भूमि उपलब्धता से संबंधित समेकित प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सौंपने का निर्देश दिया गया है, ताकि आगे की निर्माण प्रक्रिया शुरू की जा सके।








