उर्दू भाषा एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश देती है : डीएसपी अकरम रज़ा
अंजुमन फरोग़-ए-उर्दू रामगढ़ में बेहतर कार्य कर रही है : रियाज़ अहमद
आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के साथ उर्दू की शिक्षा भी प्राप्त करें : डॉ. शाहनवाज़ ख़ान
एंकर /रामगढ़। अंजुमन फरोग़-ए-उर्दू, रामगढ़ जिला इकाई की ओर से रविवार को रामगढ़ शहर स्थित रोटरी क्लब में उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र कुरआन के पाठ से हुआ। इसके बाद नात-ए-पाक प्रस्तुत की गई तथा डॉ. शाहनवाज़ ख़ान द्वारा लिखित तराना-ए-उर्दू का पाठ किया गया।
समारोह में प्रखंड एवं जिला स्तरीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उच्च स्थान प्राप्त करने वाले कुल 126 उर्दू छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, मोमेंटो एवं मासिक पत्रिका ‘उमंग’ की एक-एक प्रति देकर सम्मानित किया गया। इनमें गोला प्रखंड से द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राएं संजना कुमारी एवं सिमरन कुमारी भी शामिल रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हाजी रईस ख़ान ने की, जबकि संचालन केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज़ ख़ान ने किया। मुख्य अतिथि रामगढ़ डीएसपी अकरम रज़ा ने कहा कि उर्दू और हिंदी दोनों देश की सभ्यता एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उर्दू भाषा एकता, भाईचारे और आपसी प्रेम का संदेश देती है। भाषाएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं, इसलिए सभी भाषाओं का सम्मान और प्रचार-प्रसार होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रियाज़ अहमद ने अंजुमन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था उर्दू भाषा और साहित्य के विकास के लिए बेहतर कार्य कर रही है। 126 विद्यार्थियों को सम्मानित करना सराहनीय पहल है। इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उर्दू के प्रति रुचि बढ़ेगी।
अतिथि कमल कुमार बगड़िया ने कहा कि उर्दू केवल भाषा नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। वहीं डॉ. शाहनवाज़ ख़ान ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि आधुनिक ज्ञान-विज्ञान और कला की शिक्षा के साथ उर्दू पढ़ने, लिखने और समझने पर भी विशेष ध्यान दें।
मौके पर तारिक अनवर, इमरान रज़ा ख़ान, सब-इंस्पेक्टर सलीम ख़ान, कमल किशोर बगड़िया, सरोज कांत झा, उदय नाथ मिश्रा, प्रो. उत्तम कुमार, हाजी फ़ख़र आलम, मुफ़्ती तनवीर सिद्दीकी, मुफ़्ती इज़हार, मौलाना मरगूब आलम सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी उपस्थित थे।






