झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
वार्ड 98, 99 और 100 बनें शहरी विकास की प्रयोगशाला, स्वच्छता, तकनीक, जनभागीदारी और सुशासन का ऐसा मॉडल जो पूरे राजस्थान के शहरों को नई दिशा दे –
✍️ डॉ. नयन प्रकाश गांधी,पूर्व सलाहकार ग्रामीण विकास राज.सरकार ,पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट, मैनेजमेंट विश्लेषक एवं स्वतंत्र मीडिया स्तंभकार_
कहते हैं, जहां स्वच्छता होती है, वहीं लक्ष्मी का निवास होता है। किसी शहर की पहचान केवल उसकी चौड़ी सड़कों, ऊंची इमारतों और खूबसूरत चौराहों से नहीं, बल्कि साफ-सुथरे मोहल्लों, व्यवस्थित बाजारों, बेहतर नागरिक सुविधाओं और जिम्मेदार प्रशासन से बनती है। इस दृष्टि से कोटा के सामने आज एक ऐसा अवसर है, जो शहर के भविष्य की दिशा बदल सकता है।महापौर बनने के बाद अनुसुइया गोस्वामी के पहले जन्मदिवस पर शहरवासियों की ओर से एक अनूठा उपहार और सुझाव हो सकता है। क्यों न वे अपने जन्मदिवस पर उनके त्रिनेत्र के रूप में अपने क्षेत्र के नजदीकी मन मस्तिष्क में बसे वार्ड 98, 99 और 100 को सबसे पहले मॉडल स्मार्ट वार्ड के रूप में विकसित करे ,हालांकि इसके पीछे मेरा गहरा मंतव्य है जिसे व्यावहारिक धरातल पर समझा जा सकता है?इस प्रस्ताव के पीछे केवल स्वच्छता का विचार नहीं, बल्कि एक व्यावहारिक प्रशासनिक रणनीति है। तीनों वार्ड आपस में जुड़े और निकटवर्ती हैं। वार्ड 98 से स्वयं महापौर पार्षद निर्वाचित हुई हैं, जबकि आसपास के वार्डों में भी सक्रिय युवा पार्षदों की सहभागिता इस पहल को मजबूती दे सकती है। अर्थात इन तीन वार्डों को विकास के एक साझा मॉडल के रूप में तैयार करने की अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं।
तीन वार्ड, पांच सूत्र और पूरे शहर के लिए विकास का मॉडल
हर महापौर के कार्यकाल में आज तक कोटा शहर को ऐतिहासिक सफलता राष्ट्रीय स्तर पर आज तक नहीं मिली है क्योंकि बिना धरातल पर लिए व्यवहारिक योजना के सीधे कोटा शहर के लिए स्वच्छता अभियान चालू हो जाता है लाखों करोड़ो खर्च हो भी जाते है परंतु ग्राउंड रियल्टी कुछ और होती है आम जन मानस को जोड़ने में विफलता हाथ लगती है ,इसके विपरीत अब अगर एक सिस्टम से पायलट बेसिस पहले चुनिंदा वार्ड से एक आधारभूत सिस्टम के साथ धरातल पर व्यक्तिगत जुड़ाव के साथ जनमानस प्रबुद्ध जन को लेकर महापौर खुद अपनी टीम के साथ नीति संगत स्वच्छता पहल को आगे ले तो शहर के लिए स्वत: आमजन मानस की स्वच्छता अभियान नियमित दिनचर्या की आदत में समावेश हो सकता है ,क्योंकि सम्पूर्ण शहर की स्वच्छता की चुनौती रीयूज , रिड्यूस ,रिसाइकल ,रिनोवेट यानिकि वेस्ट कबाड़ से जुगाड़ के साथ जुड़े तो कई रोजगार के साधन भी खड़ा कर सकता है ,पूरे शहर को एक साथ बदलने की घोषणाओं के बजाय सीमित क्षेत्र में सफल प्रयोग करना अधिक प्रभावी प्रशासनिक तरीका हो सकता है। वार्ड 98, 99 और 100 को शहरी विकास की प्रयोगशाला बनाकर पांच प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया जाए।पहला, शत-प्रतिशत घर-घर कचरा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण। दूसरा, सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट और जनसुलभ पार्किंग की व्यवस्थित व्यवस्था। तीसरा, हरित पट्टियां, छोटे पार्क और प्लास्टिक मुक्त मोहल्ले। चौथा, डिजिटल शिकायत प्रणाली, क्यूआर कोड आधारित निगरानी और सार्वजनिक प्रगति डैशबोर्ड। पांचवां, नगर निगम की स्मार्ट लाइब्रेरी, वाई-फाई एवं डिजिटल पहुंच, तकनीकी सहायता केंद्र और आवश्यकता के अनुसार कॉलोनी सुरक्षा गेट जैसी नागरिक सुविधाएं।
घोषणा नहीं, समयबद्ध कार्ययोजना बने पहचान
इस मॉडल को सफल बनाने के लिए पहले 30 दिनों में तीनों वार्डों का आधारभूत सर्वेक्षण और समस्याओं की पहचान हो। अगले 90 दिनों में सफाई, कचरा प्रबंधन, सड़क, नाली और डिजिटल शिकायत व्यवस्था को मजबूत किया जाए। छह महीने में नागरिक संतुष्टि, स्वच्छता, हरियाली और शिकायत निस्तारण के आधार पर मूल्यांकन हो तथा एक वर्ष में सफल प्रयोगों का दस्तावेजीकरण कर दूसरे वार्डों में विस्तार किया जाए।प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त हों। पार्षदों और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय हो तथा मासिक प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। इससे जवाबदेही भी बढ़ेगी और नागरिकों का विश्वास भी।
मातृशक्ति का नेतृत्व, जनभागीदारी की ताकत
महिला नेतृत्व की संवेदनशीलता और संवाद क्षमता को शहर के विकास में प्रभावी बनाया जा सकता है। महिला स्वच्छता समितियां, स्वयं सहायता समूह, युवा संगठन, स्कूल-कॉलेज और व्यापारिक संस्थाएं इस अभियान की सहभागी बनें। सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण, बेहतर कार्य परिस्थितियां और सम्मान मिले। आखिर स्वच्छ शहर का निर्माण उन हाथों के सम्मान के बिना अधूरा है, जो प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखते हैं।महापौर बनने के बाद स्वयं झाड़ू लगाना और कचरा संग्रहण वाहन चलाना सकारात्मक प्रतीकात्मक पहल थी। अब आवश्यकता है कि यह प्रतीक एक स्थायी प्रशासनिक व्यवस्था में बदले। स्वच्छता अभियान किसी एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रतिदिन निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।
तीन वार्डों की सफलता बने पूरे कोटा की पहचान
कोटा शिक्षा,कोचिंग नगरी होने के साथ औद्योगिक और पर्यटन केंद्र में भी धीरे धीरे लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला के अटूट नेतृत्व में विकास की और तेजी से अग्रसर है अगले वर्ष तक अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट कोटा को मिल जाएगा और भी कई सुविधाएं कोटा को लगातार मिल रही है। ऐसे शहर को आधुनिक नागरिक सुविधाओं और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था की आवश्यकता है। नगर निगम, जिला प्रशासन, विकास प्राधिकरण, जनप्रतिनिधियों और नागरिक संगठनों के बीच समन्वय इस दिशा में निर्णायक होगा।महापौर अनुसुइया गोस्वामी के पास अवसर है कि वे अपने कार्यकाल की पहचान केवल अभियानों से नहीं, बल्कि एक सफल शहरी विकास मॉडल से स्थापित करें। यदि तीन वार्डों में परिणाम दिखाई देते हैं, तो अन्य वार्ड भी उसी व्यवस्था को अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। यही प्रयोग आगे चलकर राजस्थान के अन्य शहरों के लिए भी अनुकरणीय बन सकता है।जन्मदिवस पर शुभकामनाओं के साथ कोटा की अपेक्षा है कि महापौर एक ऐसा संकल्प लें, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिले। नेतृत्व महापौर का हो, प्रशासन व्यवस्था बनाए, पार्षद सक्रिय रहें और नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं।तीन वार्डों से शुरुआत हो, पूरे कोटा में बदलाव की लहर उठे। यही जन्मदिवस का सबसे सार्थक उपहार और विकसित कोटा की नई पहचान हो सकती है।मेरा वार्ड स्वच्छ, मेरा शहर स्मार्ट; वार्ड 98, 99 और 100 से शुरू हो विकसित कोटा का नया अध्याय!





