Home / Events / समस्तीपुर में नई श्रम संहिताओं को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम, श्रमिकों के अधिकारों एवं सुरक्षा पर जोर

समस्तीपुर में नई श्रम संहिताओं को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम, श्रमिकों के अधिकारों एवं सुरक्षा पर जोर

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

लाभुकों के बीच श्रम कल्याण योजनाओं के तहत सांकेतिक चेक वितरित

समस्तीपुर । श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, सरायरंजन के सभागार में चार नई श्रम संहिताओं को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रम विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों एवं श्रमिक संगठनों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप श्रमायुक्त दरभंगा राकेश रंजन, प्रखंड प्रमुख सरायरंजन वीणा देवी, उप प्रमुख संजीव ठाकुर, नगर पंचायत सरायरंजन की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, कारखाना निरीक्षक, ईएसआईसी एवं ईपीएफओ के पदाधिकारियों तथा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उप श्रमायुक्त राकेश रंजन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए चार नई श्रम संहिताओं के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वेतन संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशा संहिता 2020 के प्रावधानों की जानकारी नियोजकों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं कामगारों तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। अधिकारियों ने श्रम संहिताओं के प्रभावी अनुपालन और श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया। साथ ही मुख्यमंत्री के सात निश्चय कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई।

लाभुकों को वितरित किए गए सांकेतिक चेक

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच सांकेतिक चेक वितरित किए गए। ज्योति देवी के पति एवं रवीन्द्र पासवान के पुत्र की मृत्यु के बाद कर्मचारी प्रतिकर राशि, पिंकी देवी के पति की दुर्घटना में मृत्यु के उपरांत बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा सरिता देवी के पति की स्वाभाविक मृत्यु के बाद बिहार शताब्दी योजना के तहत सहायता राशि के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए।

चार श्रम संहिताओं के प्रावधानों की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण सत्र में ईपीएफओ के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी संजीव कुमार ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), पेंशन, बीमा तथा उमंग और यूनिफाइड पोर्टल की सेवाओं के बारे में जानकारी दी। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार ने ईएसआईसी के तहत पात्र कामगारों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना उपचार, मुआवजा एवं अन्य लाभों की जानकारी दी।

कारखाना निरीक्षक मनुज कुमार ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रम संहिताओं के अनुपालन, कामगारों के अधिकार एवं कार्यस्थल की सुरक्षा पर चर्चा की। मास्टर प्रशिक्षक एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सिंहवाड़ा मनीष कुमार ने वेतन संहिता के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को चार व्यापक संहिताओं में समाहित किया गया है। इसका उद्देश्य श्रमिकों को उचित वेतन, बोनस, उपादान एवं अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करना है।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विद्यापतिनगर ने औद्योगिक संबंध संहिता के तहत शिकायत निवारण समिति, कार्य समिति, सेवा नियम, सेवा शर्तों में बदलाव एवं नियत अवधि के श्रमिकों के अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं सामाजिक सुरक्षा संहिता के तहत भविष्य निधि, पेंशन, कर्मचारी बीमा, ग्रेच्युटी, मातृत्व लाभ, रोजगार संबंधी चोटों पर प्रतिकर तथा असंगठित, गिग एवं प्लेटफॉर्म श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों को बताया गया।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बेनीपुर ने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य दशा संहिता के तहत कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, कल्याणकारी सुविधाओं और नियोजकों की जिम्मेदारियों को रेखांकित किया।

श्रमिकों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील

श्रमिक संघ के प्रतिनिधि राम विलास शर्मा, शशि रंजन कुमार एवं प्रेम कुमार राय ने श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए नई श्रम संहिताओं के प्रावधानों का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में मिथिला डेयरी, बिरला चीनी मिल हसनपुर, रामेश्वर जूट मिल सहित विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों को चारों श्रम संहिताओं से संबंधित पुस्तिकाएं वितरित की गईं। साथ ही बाल श्रम नियोजन नहीं करने की शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर पट्ट पर प्रतिभागियों से हस्ताक्षर भी कराए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, श्रम विभाग के कर्मी, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कामगार एवं श्रमिक यूनियन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now