Home / Breaking News / बिरदा बसाहट के ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से नकारा, सर्वमंगला नगर में पुनर्वास की मांग पर अड़े समस्त भिलाई बाजार वासी

बिरदा बसाहट के ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से नकारा, सर्वमंगला नगर में पुनर्वास की मांग पर अड़े समस्त भिलाई बाजार वासी

सरपंच की अगुवाई में बाजार के पास ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता, SECL प्रबंधन एवं जिला प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
भिलाई बाजार//ग्राम पंचायत भिलाई बाजार के समस्त ग्रामवासियों ने शनिवार, दिनांक 14 नवंबर 2026 को सरपंच की अगुवाई में भिलाई बाजार के समीप सामूहिक रूप से एकजुट होकर अपनी पुनर्वास संबंधी मांग को बुलंद किया। ग्रामीणों ने एक स्वर में बिरदा बसाहट स्थल को अस्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि ग्राम भिलाई बाजार के विस्थापित परिवारों के लिए केवल सर्वमंगला नगर ही स्वीकार्य बसाहट स्थल है।
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मांग की कि जिला प्रशासन एवं SECL प्रबंधन सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल के रूप में स्वीकृति प्रदान कर वहां बसाहट की कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करें। ग्रामीणों का कहना है कि सर्वमंगला नगर को बसाहट स्थल बनाए जाने की मांग को माननीय उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन तथा माननीय विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल की अनुशंसा भी प्राप्त है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत भिलाई बाजार की ग्रामसभा में भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है।
इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन एवं SECL प्रबंधन द्वारा उन्हें बिरदा में बसाहट स्वीकार करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दिनांक 30 सितंबर 2026 को आयोजित DRRC बैठक में भी बिरदा बसाहट को स्पष्ट रूप से अस्वीकार किया जा चुका है।
बिरदा स्थल की उपयुक्तता पर उठाए सवाल
ग्रामीणों ने बिरदा बसाहट स्थल की भौगोलिक एवं आवासीय उपयुक्तता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि SECL द्वारा लगभग 500 फीट तक खुदाई कर पानी की उपलब्धता की जांच किए जाने के बावजूद वहां पानी के स्थान पर केवल पत्थर मिलने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में ग्रामीणों ने उक्त स्थल पर भविष्य में पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई है और इसे आवासीय बसाहट के लिए अनुपयुक्त बताया है।
समय सीमा में निर्णय नहीं तो होगा आंदोलन
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं SECL प्रबंधन को स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रशासन एवं प्रबंधन द्वारा निर्धारित समयावधि के भीतर सर्वमंगला नगर को पुनर्वास स्थल के रूप में स्वीकृति देकर बसाहट की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। अन्यथा ग्राम भिलाई बाजार के समस्त प्रभावित परिवार SECL प्रबंधन एवं जिला प्रशासन के विरोध में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि वे अपने अधिकारों एवं भविष्य की सुरक्षा के लिए एकजुट हैं। सर्वमंगला नगर के अतिरिक्त किसी अन्य स्थान पर बसाहट स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि उनकी सर्वसम्मत मांग पर समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी SECL प्रबंधन एवं जिला प्रशासन की होगी।

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now