उत्तर प्रदेश की राजनीति में शिवपाल यादव और आजम खान की मुलाकात को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। ओपी राजभर ने इस मुलाकात के बहाने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसते हुए लिखा कि अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव गांव-गिरांव के आदमी हैं। जब तक अखिलेश सोते रहते हैं, तब तक उनके चाचा अपना राजनीतिक खेल करके लौट आते हैं। राजभर ने शिवपाल और आजम खान की मुलाकात को लेकर सवाल उठाए कि दोनों के बीच आखिर क्या डील हुई है और क्या अखिलेश यादव को इसकी जानकारी है?राजभर ने आगे कहा कि शिवपाल यादव सुबह-सुबह डासना जेल पहुंचकर आजम खान से मुलाकात कर आए, जबकि अखिलेश यादव को इसकी भनक तक नहीं है। उन्होंने अखिलेश को परिवार और पार्टी के कार्यकर्ताओं पर ध्यान देने की सलाह भी दी। साथ ही चेतावनी दी कि अगर अखिलेश सतर्क नहीं हुए तो मुलायम सिंह यादव का बनाया समाजवादी पार्टी का ‘टाइटेनिक जहाज’ जल्द डूब सकता है।






