हरियाणा के कैथल में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिसमौर नहर के पास तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
जानकारी के मुताबिक, करोड़ा गांव के सात युवक वाहन में सवार होकर कैथल की तरफ जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जब उनकी गाड़ी सिसमौर नहर के पास पहुंची, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे बनी पुलिया से जा टकराई। दुर्घटना में अजय (29), नवदीप (20) और प्रदीप (32) की जान चली गई। वहीं नरेंद्र, साहिल, गौरव और अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएसपी सुशील के अनुसार, पुलिस को शिकायत मिल चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।





