रामलीला मेले की रौनक के बीच शनिवार रात एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मीना बाजार में खिलौना खरीदने के दौरान कीमत को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि दुकानदार रईस अहमद के बेटे ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में 20 वर्षीय रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 वर्षीय रितिक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बेहटा माधौ निवासी रितिक और रोहित शनिवार रात करीब आठ बजे रामलीला मेले के मीना बाजार में खिलौने की दुकान पर पहुंचे थे। खिलौने के रेट को लेकर दुकानदार के बेटे से उनकी बहस हो गई। आरोप है कि इसी दौरान उसने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन और सीने पर वार किए जाने से रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल रितिक को बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दीपावली और रामलीला मेले के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





