पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा, उत्पीड़न और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप
उत्तराखंड की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया। पत्नी की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर 2026 को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने पति पर उत्पीड़न, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन भी किया गया था।
लगातार दबिश के बाद झांसी से गिरफ्तारी
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पप्पू गिरधारी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने अदालत का भी दरवाजा खटखटाया, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।
बताया गया है कि उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज हो चुकी थी। इसके बाद 4 नवंबर को उत्तराखंड हाईकोर्ट ने एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका भी खारिज कर दी थी।
रेखा आर्य पर भी लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप
इस पूरे विवाद में गिरधारी लाल साहू ने भी अपनी पत्नी रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के चलते यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ था।
अब झांसी से पप्पू गिरधारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





