Home / Breaking News / उत्तरकाशी: गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा, खाई में गिरकर नदी में समाया वाहन, 5 की मौत

उत्तरकाशी: गंगोत्री हाईवे पर भीषण हादसा, खाई में गिरकर नदी में समाया वाहन, 5 की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए निकले सात लोगों का सफर गंगनानी के पास हादसे का शिकार हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी की ओर एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि दो अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे। सभी गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले थे। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार सुबह हिना के समीप से रवाना हुआ वाहन गंगनानी बाजार पार करने के बाद डबरानी की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन नदी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव दल ने नदी किनारे सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान अब तक पांच लोगों के शव बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, वाहन में सवार अन्य दो लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।

फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now