धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर भड़के अखिलेश यादव, कार्यक्रम रद्द करने की उठाई मांग
वाराणसी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम के पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए इस पूरे मामले के पीछे राजनीतिक संरक्षण होने का सवाल उठाया और संबंधित व्यक्ति के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवादित वीडियो सामने आया और अब भगवान श्रीराम के पिता के संबंध में अभद्र टिप्पणी प्रसारित होने की बात सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी गतिविधियों को किसका समर्थन प्राप्त है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली ऐसी गतिविधियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के राजनीतिक संरक्षकों पर भी सवाल उठाए। अपनी पोस्ट के अंत में अखिलेश यादव ने लिखा, “अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।”
वाराणसी पहुंचकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना
इस बीच अखिलेश यादव मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। एमएलसी चुनाव में जीत के बाद यह उनका काशी का पहला दौरा था। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने पर समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के जाने पर ही बनारस मुस्कुराएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी में मेट्रो का निर्माण कराया जाएगा।
अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं, बढ़ती बेरोजगारी और शहर में फैली गंदगी को लेकर भी मौजूदा सरकार की आलोचना की। उन्होंने रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के जरिए पूरे पूर्वांचल को जीतने की बात की जा रही है, जबकि सबसे पहले धोखा देने वाले लखनऊ वाले ही हैं।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के जाने के बाद नौजवानों, किसानों समेत समाज के सभी वर्गों के जीवन में खुशहाली आएगी।






