सद्भावना भवन करतला में कांग्रेस की अहम बैठक, ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को लेकर बनी रणनीति
करतला//कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के सद्भावना भवन करतला में कोरबा कांग्रेस कमेटी द्वारा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। AICC केंद्रीय पर्यवेक्षक नवज्योति पटनायक की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया, सुश्री जरिता लैतफलांग, विजय केशरवानी, हरीश परसाई सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
मतदाता सूची की कथित गड़बड़ियों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
बैठक में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के उद्देश्य और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से कथित तौर पर नाम हटाए जाने, दोहरे पंजीकरण, SIR प्रक्रिया तथा चुनावी आंकड़ों में विसंगतियों को लेकर चिंता जाहिर की।
कांग्रेस की ओर से इन मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने, मतदाता सूची में किए गए बदलावों का विवरण सार्वजनिक करने और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है। इसी उद्देश्य से राहुल गांधी द्वारा उठाए गए चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सवालों को जन-जन तक पहुंचाने और आम नागरिकों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में जिला, ब्लॉक, सेक्टर और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी दिनों में गांव-गांव चौपाल, जनसंपर्क, मतदाता सूची का सत्यापन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को व्यापक रूप देने की रणनीति पर चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने और आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
दिग्गज नेताओं सहित कार्यकर्ताओं की रही भारी मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में नवज्योति पटनायक, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत, रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, सुश्री जरिता लैतफलांग, विजय केशरवानी, हरीश परसाई, मोहित केरकेट्टा, पुरुषोत्तम कंवर, मनोज चौहान, प्रवीण ओगरे, संतोष देवांगन, दिलीप सिंह, भोला गोस्वामी, सत्यनारायण, अशरफ मेमन, संजय आजाद, कौशल श्रीवास, श्रवण राठिया एवं सुंदर राठिया सहित जिला, ब्लॉक एवं विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी तथा क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के जरिए कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जमीनी स्तर पर गति देने और संगठनात्मक एकजुटता के साथ लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे को जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया।







अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट






