Home / Breaking News / दिल्ली में कांग्रेस की ‘जन संसद’, मीरा कुमार करेंगी अध्यक्षता; खड़गे पेश करेंगे प्रस्ताव, राहुल गांधी देंगे समापन भाषण

दिल्ली में कांग्रेस की ‘जन संसद’, मीरा कुमार करेंगी अध्यक्षता; खड़गे पेश करेंगे प्रस्ताव, राहुल गांधी देंगे समापन भाषण

दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों का विरोध अब एक नए रूप में सामने आने वाला है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन ने 30 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। इस कार्यक्रम को संसदीय कार्यवाही की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा।

इसकी अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार करेंगी। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्ताव पेश करेंगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कार्यक्रम के अंत में अपना संबोधन देंगे।

खड़गे के आवास पर होगा कार्यक्रम

पहले इस कार्यक्रम को दिल्ली के अशोक होटल और फिर रामलीला मैदान में आयोजित करने की योजना थी। हालांकि, आयोजन के लिए अनुमति से जुड़ी दिक्कतों के बाद इसका स्थान बदल दिया गया। अब यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास, 10 राजाजी मार्ग पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे से शुरू होने की जानकारी दी गई है।

SIR और वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध

कांग्रेस और INDIA गठबंधन के अन्य दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। विपक्षी दलों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं। इसी मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार विरोध दर्ज करा रहा है और उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है।

कई विपक्षी दलों के नेता होंगे शामिल

इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने खड़गे के आवास पर बैठक भी की। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, डेरेक ओ’ब्रायन, हरेंद्र मलिक और अन्य विपक्षी नेताओं ने हिस्सा लिया।

गौरतलब है कि यह आयोजन एक प्रतीकात्मक राजनीतिक विरोध कार्यक्रम है। इसे संवैधानिक प्रक्रिया के तहत होने वाला वास्तविक महाभियोग नहीं माना जाएगा। विपक्ष का कहना है कि इस आयोजन के जरिए चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अपने सवालों और आरोपों को सार्वजनिक मंच पर उठाया जाएगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now