(दीपक यादव हमीरपुर)
(हमीरपुर सुमेरपुर)। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम इंगोहटा में समाजवादी पार्टी की पीडीए जनपंचायत आयोजित हुई। जिला अध्यक्ष इदरीश खान की अध्यक्षता और राष्ट्रीय सचिव चिंतामणि श्रीवास के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और पीडीए समाज के उत्पीड़न के आरोप लगाए।
राष्ट्रीय सचिव चिंतामणि श्रीवास ने कहा कि अखिलेश यादव किसान, गरीब, मजदूर और नौजवानों के नेता हैं। भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान है और भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी चरम पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 में सपा की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने सपा की सरकार बनने पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली, बेरोजगारी समाप्त करने और महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये देने का दावा किया।
पूर्व सहकारी बैंक चेयरमैन पुष्पेंद्र यादव ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और सरकारी बजट की लूट का आरोप लगाया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य माया वाल्मीकि ने महंगाई, बेरोजगारी और दलितों के साथ भेदभाव का मुद्दा उठाते हुए भाजपा को सत्ता से हटाने की अपील की।
जिलाध्यक्ष इदरीश खान और पूर्व जिलाध्यक्ष राजबहादुर पाल ने 2027 में सपा की सरकार बनने का दावा किया। कार्यक्रम में अवधेश बहादुर सिंह, रामप्रकाश प्रजापति, शुभकरण सिंह परिहार, पूर्व प्रधान राकेश यादव सहित कई नेताओं ने विचार रखे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद रहीं।







