लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में कल्याणपुर एवं पूसा प्रखंड के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ विशेष समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में गहन पुनरीक्षण 2025 की समाप्ति के बाद चलाए जाने वाले विशेष अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसडीओ राकेश कुमार ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि वे मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि आगामी 15 और 16 अक्टूबर को प्रखंड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, फॉर्म-7 के जरिए नाम हटाने तथा फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एसडीओ ने कहा कि विशेष कैंप का उद्देश्य आम नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी बीएलओ को अपने-अपने बूथों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को कैंप की जानकारी देने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथि पर समय से कैंप स्थल पर पहुंचने और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्यों को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।
एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों से विशेष अभियान को सफल बनाने और पात्र मतदाताओं को सूची से जोड़ने के लिए गंभीरता से काम करने की अपील की।








