लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र मतदाताओं को एक और अवसर देने के लिए समस्तीपुर जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सोमवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और पात्र मतदाताओं का नाम निर्वाचक सूची में जोड़ने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में जिन लोगों का नाम किसी कारणवश शामिल नहीं हो सका है और सतत अद्यतीकरण के दौरान भी उनका पंजीकरण नहीं हुआ है, वैसे पात्र मतदाता प्रपत्र-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियमानुसार पंजीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
16 और 17 अक्टूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कैंप
जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर 16 एवं 17 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप में प्रपत्र-6, 7 और 8 के साथ आवश्यक पंजी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। अभियान के दौरान प्रमुख कार्यों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) प्राप्त आवेदनों की सूची तैयार कर संबंधित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्राप्ति के साथ उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए निर्धारित पंजी का संधारण भी अनिवार्य होगा।
बीएलओ के कार्यों की होगी निगरानी
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान की पारदर्शिता और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बीएलओ पर्यवेक्षकों की सहायता ली जा रही है। पर्यवेक्षक प्रतिदिन बीएलओ के कार्यों की निगरानी करेंगे और उनके द्वारा संधारित पंजी का निरीक्षण करेंगे। वहीं, कैंप के दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्वयं मतदान केंद्रों का भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण और अनुश्रवण करेंगे।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की गई कि वे स्वयं अथवा अपने बीएलए के माध्यम से विशेष कैंपों का भ्रमण करें और बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से वंचित न रहे। बैठक के दौरान कुछ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने छठ पर्व के बाद भी विशेष कैंप आयोजित करने का सुझाव दिया।
बैठक में भाजपा के सूर्य शेखर प्रसाद मंडल, राजद के सत्यविंद पासवान, जदयू के मो. अनस रिजवान, कांग्रेस के उपेन्द्र नाथ तिवारी, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अनन्त कुशवाहा, बसपा के उपाध्यक्ष विजय कुमार यादव, भाकपा (माले) के उमेश कुमार, माकपा के रामाश्रेय महतो तथा आम आदमी पार्टी के आलोक कुमार उपस्थित रहे। इसके अलावा 133-समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-उप निर्वाचन पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी, समस्तीपुर भी बैठक में मौजूद थे।






